Durg News: उतई में झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

Durg News: उतई में झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

Durg Weather News: दुर्ग। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार शाम उतई क्षेत्र में मौसम ने करवट ली और गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण उमस और गर्मी से राहत दिलाई। करीब शाम 4 बजे शुरू हुई तेज बारिश ने पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना बना दिया। वहीं, बारिश से सबसे अधिक खुशी किसानों के चेहरों पर देखने को मिली, जो पिछले कई दिनों से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे।

बारिश शुरू होने से पहले तेज गर्जना और बिजली की चमक से लोग सहम गए और एहतियात के तौर पर अपने-अपने घरों की ओर लौट गए। इसके बाद तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो लगभग आधे से पौन घंटे तक जारी रहा। इस दौरान क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

क्षेत्र के किसानों ने बताया कि वे बारिश की उम्मीद में अपने खेतों की जुताई का काम लगभग पूरा कर चुके थे और कुछ किसानों ने बुआई भी शुरू कर दी थी। लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेती को लेकर चिंता बढ़ रही थी। शुक्रवार की बारिश ने किसानों को राहत देते हुए खरीफ फसलों की बुआई और आगे की कृषि गतिविधियों के लिए नई उम्मीद जगा दी है।

बारिश से न केवल खेतों को नमी मिली, बल्कि उमस भरी गर्मी से भी आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली। तेज बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह नियमित बारिश होती रही तो इस बार अच्छी फसल की उम्मीद बढ़ जाएगी।


Related Articles