CG News:महासमुंद में प्रेम संबंध का खौफनाक अंत; शादी विवाद में युवती की हत्या, रेत में दफन मिला शव

CG News:महासमुंद में प्रेम संबंध का खौफनाक अंत; शादी विवाद में युवती की हत्या, रेत में दफन मिला शव

CG News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत झारा में 18 वर्षीय युवती भारती टंडन की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जन्मदिन की रात घर से रहस्यमय तरीके से लापता हुई युवती का शव तीन दिन बाद नाले किनारे रेत में दफन मिला था। मामले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि युवती की हत्या उसके नाबालिग प्रेमी ने की थी। आरोपी ने जन्मदिन का गिफ्ट देने के बहाने युवती को सुनसान जगह बुलाया और पत्थर से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

जन्मदिन की रात हुई थी रहस्यमय गुमशुदगी

जानकारी के अनुसार, झारा गांव निवासी भारती टंडन 19 जून को अपना 18वां जन्मदिन मना रही थी। उसी रात 19 और 20 जून की दरमियानी रात करीब 3 बजे वह घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

भारती अपने परिवार में सबसे बड़ी संतान थी। उसके परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। युवती के अचानक गायब होने से परिवार चिंतित था।

नाले किनारे रेत में मिला शव

22 जून की दोपहर कुछ ग्रामीण नाले की ओर गए थे। इस दौरान उन्हें बदबू आने लगी। जब उन्होंने आसपास देखा तो रेत से मानव शरीर का हिस्सा बाहर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। शव के पास से एक पर्स, चप्पल और बालों का गुच्छा बरामद हुआ। शव आंशिक रूप से रेत में दबा हुआ था और सिर पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। पहचान के बाद शव को भारती टंडन का बताया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवती की मौत सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। रिपोर्ट के अनुसार उसके सिर पर लगभग छह इंच लंबा गहरा घाव था तथा खोपड़ी की हड्डी भी टूट गई थी। शरीर पर संघर्ष के निशान भी पाए गए, जबकि जांघ पर गहरे खरोंच मिले।

शादी को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस जांच के दौरान पता चला कि भारती का गांव के एक नाबालिग युवक से प्रेम संबंध था। युवती उस युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

घटना वाले दिन आरोपी ने युवती को जन्मदिन का गिफ्ट देने के बहाने मिलने के लिए बुलाया। दोनों नाले के पास पहुंचे, जहां आरोपी ने भारती से आंख बंद करने को कहा। जैसे ही युवती ने आंखें बंद कीं, आरोपी ने पास रखे पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

शव दफनाकर मिटाने लगा सबूत

हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और अपने अपराध को छिपाने के लिए शव को नाले किनारे रेत में दफना दिया। उसने युवती का पर्स और चप्पल भी अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हत्या में इस्तेमाल पत्थर को भी धोकर छिपाने की कोशिश की गई।

हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच और पूछताछ में आरोपी की भूमिका सामने आ गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।

नाबालिग आरोपी हिरासत में

पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम और हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।


Related Articles