Rojgar Mela in Ambikapur: बलरामपुर। संभाग के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 जून 2026 को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के ऑडिटोरियम हॉल में प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे और 2000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां युवाओं का साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। इनमें क्वालिटी इंस्पेक्टर, होटल मैनेजमेंट, फिटर, सोलर सिस्टम इंस्टॉलर, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, एचआर एग्जीक्यूटिव, केयरटेकर, हाउसकीपिंग स्टाफ, बेबी सीटर, मार्केटिंग मैनेजर, ट्रेनिंग ऑफिसर, लेबर, लाइफ मित्र, डेवलपमेंट ऑफिसर, सेल्स मैनेजर, बीमा सखी, इंश्योरेंस एडवाइजर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सर्वेयर, टेलीकॉलर, बिजनेस एसोसिएट, इलेक्ट्रीशियन, काउंसलर, ऑफिस असिस्टेंट, ट्रेनी प्रोडक्शन और ऑपरेटर जैसे पद शामिल हैं।
इन कंपनियों में मिलेगी नौकरी का मौका
रोजगार मेले में श्री क्वालिटी सर्विसेज, वेदांत स्किल स्कूल लर्नेट स्किल्स लिमिटेड, श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड, आश्रव फाउंडेशन एवं आश्रव सिक्योरिटी एंड एचआर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, सेफ इंटेलिजेंस सिक्योरिटी सर्विसेस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), या देवी एसोसिएट, यूनिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, वीसी इंस्टीट्यूट तथा टीवीएस सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड सहित कई कंपनियां भाग लेंगी।
8वीं पास से स्नातक तक के युवाओं को मिलेगा मौका
विभिन्न पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा निर्धारित की गई है। ऐसे में कम पढ़े-लिखे युवाओं से लेकर तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी रोजगार पाने का अवसर उपलब्ध रहेगा।
ऑनलाइन पंजीयन कर मेले में ले सकेंगे भाग
संभाग के सभी शिक्षित बेरोजगार युवा ई-रोजगार पोर्टल और सीजी रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और स्मार्टफोन के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं और अपने बेहतर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।

