CG Durg News: दुर्ग में एक ही दिन दो छात्रों ने दी जान, अलग-अलग घटनाओं से क्षेत्र में शोक

CG Durg News: दुर्ग में एक ही दिन दो छात्रों ने दी जान, अलग-अलग घटनाओं से क्षेत्र में शोक

CG Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक ही दिन में दो छात्रों की मौत की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। दोनों अलग-अलग घटनाओं में फंदे से लटके मिले। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में मृतक की पहचान भिलाई निवासी दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके पिता भिलाई स्टील प्लांट में कार्यरत हैं। युवक का शव भिलाई के बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में फंदे से लटका मिला। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा था, “मुझसे इतनी नफरत के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरे शरीर को दफनाया नहीं जाना चाहिए, इसका अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए।” हालांकि नोट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिखा गया है।

परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह घर से निकलते समय दीपांशु ने अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। मां के नींद में होने के कारण इस बात पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी। तलाश के दौरान उसका शव बंद पड़े स्कूल परिसर में मिला। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

दूसरी घटना भिलाई के सेक्टर-7 स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास की है, जहां 19 वर्षीय निखिल पौसार्य का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। निखिल कबीरधाम जिले के पंडरिया का रहने वाला था और भिलाई के साईं महाविद्यालय में बीएससी बायो की पढ़ाई कर रहा था। वह पिछले एक वर्ष से छात्रावास में रह रहा था और कमरे में अकेला रहता था।

बताया गया कि रविवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसके साथियों ने छात्रावास प्रबंधन को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो निखिल का शव फंदे से लटका मिला। फिलहाल उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इन दोनों घटनाओं ने परिवारों और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस दोनों मामलों के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।


Related Articles