Raipur News: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर दरगाह में गूंजी दुआएं, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने किया विशेष आयोजन

Raipur News: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर दरगाह में गूंजी दुआएं, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने किया विशेष आयोजन

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा राजधानी रायपुर में विशेष दुआ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मोतीबाग स्थित प्रसिद्ध बंजारी वाले बाबा की दरगाह में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सफलता के लिए विशेष दुआ मांगी गई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) डॉ. सलीम राज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मख्मूर इकबाल खान, रायपुर जिला अध्यक्ष ज़ीशान सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अकीदतमंद मौजूद रहे।

दरगाह शरीफ में चादरपोशी और गुलपोशी के बाद उपस्थित जनों ने देश की खुशहाली, अमन-चैन और सामाजिक समरसता के लिए दुआ की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति और वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया गया।

डॉ. सलीम राज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम अध्याय रहा है। उनके नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरा है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है।

अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि दरगाह में आयोजित यह विशेष दुआ कार्यक्रम देश में कौमी एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को और अधिक मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।


Related Articles