Kawardha News: एसपी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर

Kawardha News: एसपी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए घूघरीखुर्द स्थित अटल आवास परिसर में सघन छापेमार अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने परिसर के कई मकानों और कमरों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी भी की गई।

पुलिस को लंबे समय से अटल आवास परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों के निवास, अवैध गतिविधियों के संचालन और मादक पदार्थों के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से तड़के दबिश दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान कई मकानों की तलाशी ली गई और कुछ स्थानों से संदिग्ध सामग्री, शराब तथा नशीले पदार्थ बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने बरामद सामग्री का आधिकारिक विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया है। कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई तथा परिसर में रहने वाले लोगों के दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारियों का सत्यापन किया गया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों, नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


Related Articles