Senior National Swimming Championship: रायपुर। छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में सीनियर (पुरुष एवं महिला) स्टेट लेवल स्विमिंग टाइम ट्रायल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों और यूनिट्स के प्रतिभाशाली तैराकों ने भाग लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
टाइम ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन चयन समिति द्वारा किया गया। प्रदर्शन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ की पुरुष और महिला टीम का चयन किया गया।
छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनीष शुक्ला ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 से 21 जून 2026 तक अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित होने वाली 79वीं सीनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए राज्य की टीम घोषित कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के तैराक लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। चयनित खिलाड़ियों से इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।
चयन समिति की निगरानी में हुआ ट्रायल
स्विमिंग टाइम ट्रायल की चयन प्रक्रिया चयन समिति के सदस्य हेमंत सिंह परिहार, अशोक सक्सेना, नरसिंह पारिकर, डॉ. मनीष शुक्ला, गोपी सुभाष संतोष और कुमार पाल की उपस्थिति में संपन्न हुई।
चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का गहन मूल्यांकन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सर्वश्रेष्ठ तैराकों का चयन किया।
खिलाड़ियों को दी गई शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं चयन समिति के सदस्यों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन करेंगे।

