CG Manendragarh Crime News : मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जनकपुर थाना क्षेत्र के कुंआरपुर चौकी अंतर्गत भूतहिया नाला के पास मिले शव पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ से करीब 120 किलोमीटर दूर स्थित भूतहिया नाला के पास शव पड़े होने की सूचना ग्राम पंचायत के सरपंच और ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
अर्धनग्न अवस्था में मिला शव
पुलिस के मुताबिक, मृतक का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है। शव के पास से टोपी, जूता और इलेक्ट्रिक तार बरामद किया गया है। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। वहीं उसके दाहिने हाथ पर “दीपक” नाम का टैटू बना हुआ है, जिससे पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है।
हत्या की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

