देवेंद्र यादव का आंदोलन सिर्फ राजनीतिक स्टंट, नीट मामले की जांच कर रही CBI, राहुल टिकरिहा का बड़ा बयान

देवेंद्र यादव का आंदोलन सिर्फ राजनीतिक स्टंट, नीट मामले की जांच कर रही CBI, राहुल टिकरिहा का बड़ा बयान

Rahul Tikriha on Devendra Yadav: रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर किया जा रहा उनका आंदोलन महज एक राजनीतिक स्टंट है। उन्होंने आरोप लगाया कि देवेंद्र यादव खुद अपना कपड़ा फाड़कर मीडिया की सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।

राहुल टिकरिहा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक मामले में एनएसयूआई नेता वेणु जंघेल की गिरफ्तारी ने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया और 3 हजार रुपये में हिंदी का पेपर बेचा गया, तब कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल सबूत मिटाने और फरार होने की कोशिश यह साबित करती है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पीएससी भर्ती घोटाले जैसे मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। ऐसे में आज कांग्रेस नेताओं द्वारा नीट पेपर लीक के नाम पर राजनीति करना केवल अपनी प्रासंगिकता बचाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नीट पेपर लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी है। सीबीआई अब तक इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और मुख्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।

राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस और एनएसयूआई पर निशाना साधते हुए कहा कि एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पर भी परीक्षा में प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) का आरोप है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करनी चाहिए।

टिकरिहा ने दावा किया कि देश के युवा अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग विकासोन्मुखी शिक्षा और पारदर्शी व्यवस्था देने वाली सरकार के साथ खड़ा है, न कि घोटालों और परिवारवाद की राजनीति करने वाली पार्टियों के साथ।


Related Articles