छत्तीसगढ़: राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा संसद की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी स्थायी समिति की सदस्य मनोनीत

छत्तीसगढ़: राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा संसद की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी स्थायी समिति की सदस्य मनोनीत

Chhattisgarh News: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा को संसद की ‘स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी विभागीय संसदीय स्थायी समिति’ का सदस्य नामित किया गया है। राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उनका यह नामांकन 3 जून 2026 से प्रभावी हो गया है।

लक्ष्मी वर्मा का इस महत्वपूर्ण संसदीय समिति में शामिल होना छत्तीसगढ़ समेत देश के ग्रामीण, वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समिति में उनकी भागीदारी से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा को बल मिलेगा।

माना जा रहा है कि उनके अनुभव और जनसरोकारों की समझ से महिला एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण सुधार, मातृ-शिशु कल्याण और स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। साथ ही केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मी वर्मा के इस मनोनयन का स्वागत करते हुए इसे छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों के लिए गौरव का विषय बताया है। उनका कहना है कि समिति में लक्ष्मी वर्मा की सक्रिय भूमिका स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से रखने में सहायक सिद्ध होगी।


Related Articles