Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के विकास को गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने शुक्रवार को ग्राम महीडबरा से बांटी पथरा तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमिपूजन किया। करीब 2 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए आवागमन की नई राह खोलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों को इस विकास कार्य की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, मजबूत और सर्व मौसम सड़क संपर्क ग्रामीण विकास की आधारशिला है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलती है।
कई गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
Chhattisgarh Kawardha News: इस सड़क के निर्माण से वनांचल क्षेत्र के महीडबरा, बांटीपथरा, दमगढ़, ताईतिरनी, अमलीटोला, घोघरा, नेउर कुशियारी, उतका और तिलियापानी सहित आसपास के गांवों के लोगों को वर्षभर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है।
सड़क नहीं, विकास की नई राह
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि बारहमासी सड़क संपर्क से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों को बाजार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पोषण तथा आपदा प्रबंधन जैसी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 500 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में संचालित हैं, जो क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम कर रहे हैं। यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने का व्यापक अभियान है।
वनांचल क्षेत्रों में तेजी से हो रहा विकास
भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वनांचल क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 100 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण, 3500 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण, विद्युत विहीन गांवों में बिजली आपूर्ति तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बोर खनन और टैंकरों के माध्यम से लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार आ रहा है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में कुकदुर मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतिराम भट्ट, पार्वती सुनहले, बिंदा पनागर, रामगोपाल वट्टी, मोहित मरावी, पंडराम सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

