Illegal Mining In Arang: आरंग। रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। रेत और गिट्टी के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
रातभर चला जांच अभियान
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश और खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की रणनीति के तहत उप संचालक राजेश मालवे एवं सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में टीम ने आरंग और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान रेत से लदे 10 हाइवा और गिट्टी से लदा 1 हाइवा पकड़ा गया।
जब वाहन चालकों से रॉयल्टी पर्ची और खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
सभी 11 हाइवा वाहन किए गए जब्त
अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 11 हाइवा वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से आरंग और गिधपुरी थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। वाहन मालिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई दल ने संभाला मोर्चा
इस अभियान में खनिज निरीक्षक प्रिया सिन्हा, सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा, संतोष पवार, लुकेश वर्मा, जितेन्द्र वर्मा, दयाराम साहू और लीलेश्वर मानिकपुरी सहित विभागीय टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अवैध खनन पर जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और किसी भी स्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

