CG News: रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की मेहनत की कमाई और संपत्ति हड़पने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मामले के एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पत्नी, साला और ससुर पर लगाया साजिश का आरोप
पुलिस के अनुसार घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने मिलकर उनकी नकदी और संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची। मामले की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया व्यवसाय से जुड़े हैं तथा अपनी आय की रकम पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए सौंपते थे। वर्ष 2014 में रकम कम होने का संदेह होने पर उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। आरोप है कि फुटेज में पत्नी को आलमारी से पैसे निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते हुए देखा गया।
जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खातों में करीब 22 लाख रुपये के लेन-देन की जानकारी भी सामने आई, जबकि उसके पास कोई नियमित रोजगार नहीं था।
जमीन पत्नी के नाम कराने का भी आरोप
व्यवसायी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में उन्होंने तमनार क्षेत्र में ऐसी जमीन खरीदने की योजना बनाई थी, जहां भविष्य में अधिग्रहण होने पर करोड़ों रुपये का मुआवजा और नौकरी मिलने की संभावना थी। आरोपियों ने दबाव बनाकर करीब 13.50 लाख रुपये मूल्य की जमीन पत्नी के नाम रजिस्ट्री करा ली।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद उनकी अन्य संपत्तियों पर भी कब्जा करने के उद्देश्य से उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
जांच में आरोप सही पाए गए
एसडीओपी की विस्तृत जांच में आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाने और उसकी संपत्ति से अनुचित लाभ लेने का प्रयास सामने आया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर घरघोड़ा थाना में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया।
पत्नी और साला जेल भेजे गए
थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने 4 जून को सीमा बघेल (41) और कृष्ण कुमार यादव (39) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

