CG Bhilai News: भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने ग्राम नारदा स्थित प्रसिद्ध बाबा रुक्खडनाथ धाम पहुंचकर पश्चिममुखी हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
ग्राम नारदा स्थित पश्चिममुखी हनुमान मंदिर अपनी अनूठी विशेषताओं के कारण देशभर में पहचान रखता है। यह मंदिर हिन्दुस्तान का पहला ऐसा मंदिर माना जाता है, जहां भगवान हनुमान जी की प्रतिमा गाय के गोबर से निर्मित है। मंदिर की इसी विशिष्टता का उल्लेख प्रसिद्ध कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी अपनी कथा के दौरान किया था, जिसके बाद इस धाम की लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है।
सांसद विजय बघेल ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर यहां की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थल भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और गौ-संवर्धन के संदेश को समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के ये केंद्र समाज को सकारात्मक ऊर्जा और संस्कार प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविशंकर सिंह, ग्राम सरपंच विपिन शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा रुक्खडनाथ धाम एवं पश्चिममुखी हनुमान मंदिर में दर्शन कर प्रदेश और देश की उन्नति, सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। धार्मिक वातावरण और श्रद्धा से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता भी देखने को मिली।

