MP Sagar News: सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिला अस्पताल में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आइसोलेशन वार्ड में दो सगे भाइयों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के सामने हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मां के सामने शुरू हुआ विवाद, हाथापाई तक पहुंची बात
जानकारी के अनुसार, वार्ड में भर्ती अपनी मां की देखरेख कर रहे दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि गुस्से में एक बेटे ने अपनी मां के मुंह पर लात मार दी। यह देखकर दूसरा भाई भड़क उठा और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया और एक भाई ने दूसरे को पटक-पटक कर पीटना शुरू कर दिया।
वार्ड में मची चीख-पुकार, मरीजों में दहशत
मारपीट के दौरान वार्ड में चीख-पुकार मच गई। घटना से वहां भर्ती मरीज और उनके परिजन घबरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काफी देर तक दोनों भाइयों के बीच विवाद चलता रहा, लेकिन मौके पर कोई सुरक्षा कर्मी या अस्पताल कर्मचारी नहीं पहुंचा।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की कमी को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। हाल ही में ड्यूटी के दौरान एक सुरक्षाकर्मी के सोने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि जिला अस्पताल में पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

