पेपर लीक मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला, निकिता मिलिंद ने उठाए गंभीर सवाल

पेपर लीक मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला, निकिता मिलिंद ने उठाए गंभीर सवाल

Nikita Milind on Paper Leak Case: दुर्ग। दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी की महामंत्री निकिता मिलिंद ने विभिन्न प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल प्रशासनिक विफलता नहीं हैं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के सपनों और भविष्य पर सीधा हमला हैं।

जारी प्रेस बयान में निकिता मिलिंद ने कहा कि आज मेहनत करने वाले छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि बार-बार परीक्षाओं की गोपनीयता भंग होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे युवाओं का परीक्षा प्रणाली और सरकारी व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो रहा है।

उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि आखिर कब तक युवा इस अव्यवस्था का शिकार होते रहेंगे। हर पेपर लीक मामले के बाद केवल जांच की घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित न हो।

निकिता मिलिंद ने कहा कि देश का युवा अब जवाब मांग रहा है। उनकी मेहनत, उनका समय और उनके परिवारों की उम्मीदों का भी मूल्य है। सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में कांग्रेस नेताओं द्वारा भी लगातार पेपर लीक मामलों पर सरकार से जवाबदेही तय करने, निष्पक्ष जांच कराने और शिक्षा एवं भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की जाती रही है। कांग्रेस का मानना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।

निकिता मिलिंद ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


Related Articles