सीएम हेल्पलाइन 1076 के नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न, शिकायत निवारण व्यवस्था होगी और मजबूत

सीएम हेल्पलाइन 1076 के नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न, शिकायत निवारण व्यवस्था होगी और मजबूत

CM Helpline Nodal officers Training: रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन एवं अभिसरण विभाग द्वारा मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में सीएम हेल्पलाइन (1076) के विभागीय नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और शिकायत निवारण प्रणाली के प्रभावी संचालन की जानकारी प्राप्त की।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों तक सुशासन पहुंचाने का सबसे सशक्त और सुलभ माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

शिकायत प्रबंधन प्रणाली की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आधुनिक शिकायत प्रबंधन प्रणाली (ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम) के संचालन और उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। शिकायतों के समय पर निराकरण नहीं होने की स्थिति में उन्हें एल-1 से एल-4 स्तर तक स्वचालित रूप से अग्रेषित करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही शिकायतों के निराकरण के बाद नागरिकों से संतुष्टि फीडबैक लेने की पारदर्शी व्यवस्था पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

कई माध्यमों से दर्ज होंगी शिकायतें

सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल ने बताया कि नई प्रणाली के लागू होने से शिकायत निवारण की गति और नागरिक संतुष्टि दोनों में उल्लेखनीय सुधार होगा। सीएम हेल्पलाइन के औपचारिक शुभारंभ के बाद नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर, वेब पोर्टल, समर्पित मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे।

सुशासन को मिलेगा नया आयाम

अधिकारियों का मानना है कि यह व्यवस्था नागरिकों और शासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाएगी। साथ ही शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह निराकरण के माध्यम से राज्य में सुशासन को नई मजबूती मिलेगी।


Related Articles