MP Weather Update: नौतपा के बीच बदला मौसम, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 47 जिलों में गरज-चमक और तेज आंधी की चेतावनी

MP Weather Update: नौतपा के बीच बदला मौसम, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 47 जिलों में गरज-चमक और तेज आंधी की चेतावनी

MP Weather Update : भोपाल । मध्य प्रदेश में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। देर रात कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान और हल्की बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज लू की जगह बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

8 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 47 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश होने के आसार हैं। कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।

प्री-मानसून गतिविधियों से मिली राहत

पिछले 48 घंटों से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। इसी का असर है कि भीषण गर्मी के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में खजुराहो और नौगांव में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन अब हल्की बारिश और तेज हवाओं से लोगों को राहत मिली है।

टीकमगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश में सबसे अधिक बारिश टीकमगढ़ जिले में दर्ज की गई है। इसके अलावा दतिया और नौगांव में भी अच्छी बारिश हुई है। ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, गुना, धार, रतलाम, सागर, सतना, रीवा, देवास, झाबुआ, मंदसौर, बैतूल और बालाघाट सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।

तापमान में आई गिरावट

मौसम में बदलाव के बाद नरसिंहपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान अब 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है।

अगले कुछ दिन राहतभरे

मौसम विभाग का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है तथा नौतपा की तपिश से लोगों को राहत मिलेगी।


Related Articles