CG News: अंबिकापुर। विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच शुरू हुआ विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि नायब तहसीलदार के खिलाफ जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना परिसर में आमने-सामने आए दोनों पक्ष
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर विधायक समर्थक और राजस्व निरीक्षक संघ के पदाधिकारी थाना परिसर पहुंच गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
विधायक ने आरोपों को बताया झूठा
एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनकी बड़ी बहन के साथ नायब तहसीलदार ने बदतमीजी की थी, जिसके कारण विवाद बढ़ा।
विधायक ने कहा कि वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वे दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने बयान दिया कि “सुशासन की सरकार में ही यह संभव है कि किसी विधायक पर मारपीट का आरोप लगे और उस पर एफआईआर भी दर्ज हो जाए।”
गिरफ्तारी की मांग तेज
इधर, राजस्व निरीक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विधायक रामकुमार टोप्पो की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
वहीं दूसरी ओर विधायक समर्थकों ने नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

