Chhattisgarh Sarguja News: सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राजापुर उप तहसील कार्यालय में हुए विवाद ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट, धक्का-मुक्की और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर FIR दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को राजापुर उप तहसील में आवेदन दिया था। आरोप है कि कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उनका काम नहीं हुआ।
बुधवार को सीमा धनकी फिर उप तहसील कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने को कहा तो वे नाराज हो गए और कथित तौर पर फाइल फेंकते हुए उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा।
इसकी जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को मिलने के बाद उनके समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीलदार को वापस राजापुर बुलाया। इस दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा भी मौजूद थे।
नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थक पहले से ही मारपीट के इरादे से आए थे। उन्होंने कहा कि विधायक समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जबकि विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें अलग ले जाकर पीटा। बीच-बचाव के लिए पहुंचे एसडीएम फागेश सिन्हा ने उन्हें वहां से बाहर निकाला।
वहीं, विधायक पक्ष का कहना है कि सीमा धनकी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी। विधायक की बहन की शिकायत पर भी नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता समेत 10 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। दूसरी ओर विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ भी FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

