CG News: पिथौरा, महासमुंद। जिले में करोड़ों रुपये के धान घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। धान उपार्जन केंद्र बम्हनी में किसानों के 3742 क्विंटल धान के गबन मामले में पुलिस ने केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये के घोटाले का आरोप है।
प्रशासनिक जांच में खुला बड़ा फर्जीवाड़ा
जानकारी के मुताबिक 27 मई 2026 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पिरदा शाखा के प्रबंधक उस्त कुमार प्रधान ने थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आर्थिक अपराध और सरकारी संपत्ति के गबन के मामले में जांच शुरू की।
बताया गया कि धान उपार्जन केंद्र बम्हनी, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी में 16 मई 2026 को प्रशासनिक जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान 3742 क्विंटल यानी 9355 कट्टे मोटा धान कम पाया गया।
1 करोड़ 16 लाख रुपये के गबन का आरोप
जांच में सामने आया कि समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि मिलाकर कुल 1 करोड़ 16 लाख 200 रुपये का गबन किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बसना थाना में अपराध दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तत्कालीन केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंगाधर जगत (37 वर्ष), पिता दुर्जन सिंह जगत, निवासी ग्राम दलालखार, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई है।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी
पुलिस के अनुसार इस पूरे घोटाले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे तथा अतिरिक्त कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

