Murder Case in Raipur : रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में 22 मई से लापता युवक भुवनेश्वर यादव की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि पानी के विवाद और गाली-गलौज के बाद युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक मृतक भुवनेश्वर यादव नकटी गांव का निवासी था और मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। 22 मई से उसके लापता होने के बाद परिजनों ने मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन भुवनेश्वर कुछ लोगों के साथ शराब पीने गया था।
बताया जा रहा है कि मंदिर हसौद शराब भट्ठी के पीछे पानी को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान भुवनेश्वर यादव और निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी युवक को कार में बैठाकर महासमुंद जिले की ओर ले गए।
मारपीट के दौरान हुई मौत
पुलिस जांच में सामने आया है कि महानदी किनारे नांदगांव घाट के पास युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को रेत में दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
घटना की शाम भुवनेश्वर यादव ने अपनी पत्नी से फोन पर बात भी की थी। इस दौरान उसने पार्षद से भी पत्नी की बात करवाई थी। इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। बाद में पुलिस ने मृतक का मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा
मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि टेक्निकल जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस को गोलू रात्रे और उसके साथियों पर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नांदगांव घाट से शव बरामद किया। चूंकि घटना स्थल महासमुंद जिले में आता है, इसलिए आगे की कार्रवाई महासमुंद पुलिस को सौंप दी गई है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

