मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में विकास और सुरक्षा पर मंथन, बस्तर के लिए अमित शाह का बड़ा विजन

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में विकास और सुरक्षा पर मंथन, बस्तर के लिए अमित शाह का बड़ा विजन

Chhattisgarh News: जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में मंगलवार को आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद (Inter-State Council) की महत्वपूर्ण बैठक में विकास, सुरक्षा, आधारभूत संरचना और अंतरराज्यीय समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की। इसमें छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में गृह मंत्री ने बस्तर के विकास और नक्सलवाद उन्मूलन को लेकर केंद्र सरकार की रणनीति और भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत की।

सहकारिता और कृषि आधारित विकास पर जोर

अमित शाह ने कहा कि बस्तर का विकास बड़े उद्योगों के बजाय कृषि, सहकारिता और स्थानीय संसाधनों पर आधारित मॉडल से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे आदिवासी और ग्रामीण परिवार आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने ‘सहित गुंडाधुर सेवा डेरा’ योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके जरिए युवाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ा जा रहा है।

2031 तक बस्तर की तस्वीर बदलने का लक्ष्य

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में बस्तर के प्रत्येक नागरिक की औसत आय को छह गुना तक बढ़ाना है। इसके लिए कृषि, सिंचाई, डेयरी, वन उत्पाद और ग्रामीण उद्योगों को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य केवल घोषणा नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव लाना है।

सड़क, रेलवे और डिजिटल कनेक्टिविटी पर फोकस

अमित शाह ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब तेजी से आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है। गांवों तक सड़क, बिजली, स्कूल, अस्पताल और पेयजल पहुंचाने के साथ मोबाइल नेटवर्क भी मजबूत किया जा रहा है। रेलवे विस्तार और सिंचाई परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।

नक्सलवाद अंतिम चरण में, पुनर्वास पर जोर

गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है, जहां शिक्षा, कौशल विकास और परामर्श की सुविधाएं दी जा रही हैं।

भ्रामक प्रचार से बचने की अपील

अमित शाह ने बस्तरवासियों से अपील की कि वे किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार से सावधान रहें और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बस्तर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


Related Articles