भीषण गर्मी में बिजली संकट से त्रस्त ग्रामीण, युवाओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

भीषण गर्मी में बिजली संकट से त्रस्त ग्रामीण, युवाओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों और युवाओं ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत केवरा सरहरी, मटीगढ़ा और सेमरा क्षेत्र के लोगों ने बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में दिन और रात के समय लगातार बिजली गुल हो रही है। कई-कई घंटे तक बिजली बंद रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। गर्मी के इस मौसम में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।

बिना सूचना बिजली कटौती से बढ़ा आक्रोश

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। किसानों को भी सिंचाई और अन्य कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

युवाओं ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण और युवा

ज्ञापन सौंपने के दौरान राजा हसन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण मौजूद रहे। इस मौके पर सूर्या कुमार, विपेन्द्र, विशाल राजवाड़े, शिवा राजवाड़े, आकिल अंसारी, अनूप भास्कर, वसीम खान, रिजवान अंसारी, मुमसाद खान (जिला उपाध्यक्ष यूथ कांग्रेस), प्रणव दुबे (जिला उपाध्यक्ष यूथ कांग्रेस) सहित कई लोग उपस्थित थे।


Related Articles