Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। शासकीय कालिदास महाविद्यालय प्रतापपुर में छात्र राजनीति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने कॉलेज प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन महाविद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से भेजा गया।
NSUI कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कॉलेज के आधिकारिक व्हाट्सएप/सोशल मीडिया ग्रुप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जबकि इन ग्रुपों का उपयोग केवल शैक्षणिक और प्रशासनिक सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए होना चाहिए।
कॉलेज प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप
छात्रों का कहना है कि इस मामले में शिकायत के बावजूद कॉलेज प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों में असंतोष बढ़ रहा है। आरोप है कि एक ही संगठन के लगातार प्रचार से शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है और अन्य छात्र संगठनों में नाराजगी है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
NSUI ने मांग की है कि कॉलेज से जुड़े सभी आधिकारिक और अनधिकृत सोशल मीडिया ग्रुपों की जांच की जाए और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाए। साथ ही कुलपति से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर इन ग्रुपों को केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित करने की मांग की गई है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
NSUI कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन रिजवान खान के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें राजा हसन, सूर्या कुमार, विपेन्द्र, विशाल राजवाड़े, शिवा राजवाड़े, आकिल अंसारी, अनूप भास्कर, वसीम खान, रिजवान अंसारी सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।

