धमतरी में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: कार-बाइक रस्सी से खींचकर पहुंचे पेट्रोल पंप

धमतरी में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: कार-बाइक रस्सी से खींचकर पहुंचे पेट्रोल पंप

Dhamtari Congress Protest: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता एक कार और बाइक को रस्सी से खींचते हुए पेट्रोल पंप पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन कुरूद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भखारा द्वारा एक दिवसीय धरने के रूप में आयोजित किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा।

पेट्रोल नहीं मिलने का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप पर ईंधन की उपलब्धता नहीं होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल की कमी के कारण वाहन चालकों और किसानों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।

महंगाई से जनता परेशान: कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आम जनता दाल, तेल, सब्जी, दूध, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने ‘डबल इंजन सरकार’ पर किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं करने का आरोप भी लगाया।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट और खाद की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी जिले के हर पेट्रोल पंप पर धरना-प्रदर्शन करेगी और आंदोलन को और उग्र बनाया जाएगा।


Related Articles