जशपुर में कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला: महंगाई, ईंधन संकट और आदिवासी जमीन मुद्दे पर घेरा

जशपुर में कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला: महंगाई, ईंधन संकट और आदिवासी जमीन मुद्दे पर घेरा

Chhattisgarh Jashpur News: जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में कांग्रेस ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ऊर्जा संकट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में कांग्रेस के जिला संगठन प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट के लिए भाजपा और एनडीए सरकार की गलत नीतियां जिम्मेदार हैं।

भानू प्रताप सिंह ने कहा कि महंगाई नियंत्रित करने के नाम पर जनता से सहयोग मांगने वाली सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने कहा था कि आने वाला समय देश के लिए और कठिन हो सकता है।

चुनाव तक सब सामान्य, बाद में बिगड़े हालात: कांग्रेस

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव तक सरकार सब कुछ सामान्य होने का दावा कर रही थी, लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद हालात बिगड़ गए। उन्होंने प्रधानमंत्री की उस अपील पर भी सवाल उठाया, जिसमें लोगों से विदेश यात्राएं कम करने और पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने की बात कही गई थी।

प्रधानमंत्री के विदेश दौरों पर साधा निशाना

भानू प्रताप सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि एक ओर आम लोगों को विदेश यात्रा कम करने की सलाह दी जाती है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री लगातार विदेश दौरों पर जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल बचाने के नाम पर सिर्फ दिखावे के लिए काफिलों में कटौती की तस्वीरें जारी की जाती हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई बदलाव नजर नहीं आता।

शास्त्री और इंदिरा गांधी के उदाहरण का किया जिक्र

पत्रकारवार्ता में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि संकट के समय नेताओं को खुद उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शास्त्री ने अनाज संकट के दौरान उपवास रखा था, जबकि इंदिरा गांधी ने 1971 युद्ध के समय अपने जेवर दान कर त्याग का संदेश दिया था।

विदेश नीति को बताया ऊर्जा संकट की वजह

भानू प्रताप सिंह ने केंद्र सरकार की विदेश नीति को ऊर्जा संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जिन देशों से भारत को पहले आसान शर्तों पर ऊर्जा आपूर्ति मिलती थी, उनसे संबंध कमजोर हो गए हैं। वहीं जिन देशों के साथ सरकार निकटता बढ़ा रही है, वे संकट के समय भारत के काम नहीं आ रहे।

उन्होंने कहा कि किसान डीजल और उर्वरक की कमी से परेशान हैं। यदि समय रहते हालात नहीं सुधरे तो देश में महंगाई के साथ अनाज संकट भी पैदा हो सकता है।

आदिवासी जमीन के मुद्दे पर सरकार को घेरा

कांग्रेस ने जशपुर जिले में आदिवासी जमीन की खरीदी-बिक्री में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। भानू प्रताप सिंह ने कहा कि जशपुर अधिसूचित क्षेत्र है और यहां आदिवासी जमीन से जुड़े मामलों में शिकायतें सामने आना बेहद गंभीर विषय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासियों के अधिकारों और हितों की रक्षा करने में विफल रही है। साथ ही राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

आंदोलन जारी रखने का ऐलान

जिला कांग्रेस अध्यक्ष यूडी मिंज ने कहा कि कांग्रेस आम जनता के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर कांग्रेस लगातार पेट्रोल पंपों पर प्रदर्शन कर रही है और आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।


Related Articles