Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा के परसापारा में भीषण गर्मी और पेयजल संकट के बीच सरपंच सूरजपति ने मानवीय पहल करते हुए ग्रामीणों को राहत पहुंचाई। सौर जलप्रदाय का मोटर खराब होने के कारण गांव में पिछले कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई थी।
स्थिति को देखते हुए सरपंच स्वयं मौके पर पहुंचीं और तत्काल टैंकर की व्यवस्था कर गांव में पेयजल आपूर्ति शुरू कराई। टैंकर के माध्यम से पानी मिलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सरपंच के इस प्रयास की जमकर सराहना की।
मोटर खराब होने से बढ़ी थी समस्या
ग्रामीणों के अनुसार, सौर जलप्रदाय का मोटर खराब होने के कारण लंबे समय से पानी की किल्लत बनी हुई थी। इस वजह से महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा था।
सरपंच की पहल से मिली राहत
सरपंच सूरजपति की इस पहल से गांव में अस्थायी रूप से पानी संकट कम हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में यह कदम काफी सराहनीय रहा।
स्थायी समाधान की मांग
सरपंच सूरजपति ने बताया कि पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास जारी हैं ताकि किसी भी ग्रामीण को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े। साथ ही क्रेड़ा विभाग से स्थायी समाधान की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मोटर मरम्मत कर स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न उत्पन्न हो।

