बीजापुर में आकाशीय बिजली का कहर, 10 मवेशियों की मौत से ग्रामीणों में शोक

बीजापुर में आकाशीय बिजली का कहर, 10 मवेशियों की मौत से ग्रामीणों में शोक

Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पोन्दुम में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। शनिवार शाम करीब साढ़े 7 बजे हुई इस घटना में 10 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सभी मवेशी खेत और खुले स्थान में चर रहे थे, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से सभी 10 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

कई पशुपालक हुए प्रभावित

मृत मवेशियों के मालिकों में लक्ष्मण हपका, बुधराम हपका और दशरथ बघेल के दो-दो मवेशी शामिल हैं। वहीं पिंकी बघेल, सुंदरी हपका, आसमती हपका और मन्नू हपका के एक-एक मवेशी की मौत हुई है। अधिकांश मवेशी सफेद रंग के बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों की आजीविका पर संकट

ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत से प्रभावित परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कर प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी इस प्राकृतिक आपदा पर दुख जताते हुए शीघ्र राहत सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।


Related Articles