रायगढ़ की सिंघनपुर गुफा में शोध टीम पर मधुमक्खियों का हमला, वैज्ञानिक समेत 7 लोग घायल

रायगढ़ की सिंघनपुर गुफा में शोध टीम पर मधुमक्खियों का हमला, वैज्ञानिक समेत 7 लोग घायल

Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थल सिंघनपुर गुफा में शनिवार को शोध कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रायपुर की अलग-अलग यूनिवर्सिटी से पहुंचे शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों की टीम पर मधुमक्खियों के बड़े झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में वैज्ञानिक समेत 7 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को डायल 108 और वन विभाग की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित सिंघनपुर गुफा में अक्सर शोधकर्ता अध्ययन और शैल चित्रों के निरीक्षण के लिए पहुंचते हैं। शनिवार को रायपुर की विभिन्न यूनिवर्सिटी से पांच सदस्यीय टीम यहां शोध कार्य के लिए आई थी। टीम में एक वैज्ञानिक और चार शोधकर्ता शामिल थे।

शैल चित्रों का निरीक्षण करते समय हुआ हमला

वन विभाग के कर्मचारियों के साथ टीम सिंघनपुर की पहाड़ियों पर चढ़कर शैल चित्रों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

ये लोग हुए घायल

मधुमक्खियों के हमले में वैज्ञानिक स्मृद्धि (69), ब्रम्हानंद धृतलहरे (27), भाग्यश्री (30), सुमन (35), निहारिका (36) घायल हो गए। इसके अलावा वन विभाग के रामझरना प्रभारी गीतेश्वर पटेल और चौकीदार ईश्वर यादव भी हमले में घायल हुए हैं।

स्ट्रेचर से नीचे उतारकर पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और डायल 108 को सूचना दी गई। वनकर्मियों और मेडिकल टीम ने घायलों को स्ट्रेचर की मदद से पहाड़ी से नीचे उतारा और तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

सभी की हालत में सुधार

रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि रायपुर की अलग-अलग यूनिवर्सिटी से पांच सदस्यीय शोधकर्ता टीम सिंघनपुर में अध्ययन के लिए पहुंची थी। इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।


Related Articles