Uttar Pradesh Azamgarh News: आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना कंधरापुर क्षेत्र में माइलस्टोन 238 के पास तेज रफ्तार कार कंटेनर में जा घुसी, जिससे कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ।
वहीं दूसरी ओर जालौन जिले में भी शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कोतवाली क्षेत्र में जालौन-औरैया रोड पर कन्हैयाल अग्रवाल मेमोरियल स्कूल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर गहरे गड्ढे में गिरकर पलट गई।
पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी गई है।

