बलौदाबाजार: पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

बलौदाबाजार: पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Chhattisgarh Balodabazar News: बलौदाबाजार। जिले में रसोई गैस (एलपीजी) और पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों को उपभोक्ताओं तक निर्बाध ईंधन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में खाद्य विभाग, एलपीजी वितरकों और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति की जानकारी दी। आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में ईंधन भेजा जा रहा है, हालांकि कुछ स्थानों पर डिमांड जनरेशन में देरी के कारण वितरण प्रभावित हो रहा है।

कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी में कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी केंद्रों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जारिकेन में ईंधन देने पर सख्ती

प्रशासन ने पेट्रोल पंपों से केवल वाहनों को ही ईंधन देने के निर्देश जारी किए हैं। जारिकेन में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक रहेगी। हालांकि कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर में डीजल लेने वालों को वाहन के दस्तावेज और मालिक का नाम-पता रजिस्टर में दर्ज कराने के बाद 15 से 20 लीटर तक डीजल दिया जा सकेगा।

निर्माण कार्य के लिए विशेष व्यवस्था

पोकलेन और अन्य अर्थ मूवर मशीनों के लिए जारिकेन में डीजल तभी दिया जाएगा, जब संबंधित विभाग और ठेकेदार द्वारा वर्क ऑर्डर की पुष्टि की जाएगी।

रोजाना होगा निरीक्षण

कलेक्टर ने खाद्य अधिकारियों और निरीक्षकों को प्रतिदिन फील्ड में जाकर पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्टॉक और वितरण की दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया है।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने या बिना डिलीवरी के मैसेज भेजने जैसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने सभी ऑयल कंपनियों को आपसी समन्वय बनाकर जिले में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।


Related Articles