Chhattisgarh Congress Protest: मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के केल्हारी वन परिक्षेत्र कार्यालय का गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण मनेंद्रगढ़ द्वारा घेराव कर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने किया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विभाग पर भ्रष्टाचार, अनियमितता और ग्रामीणों के शोषण के आरोप लगाए। कांग्रेस ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
भालू हमले पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि भालू हमलों से प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल उचित मुआवजा राशि दी जाए। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के बकाया भुगतान में हो रही देरी को जल्द समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।
भ्रष्टाचार और शोषण के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने वन विभाग में कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने तथा स्थानीय ग्रामीणों और आदिवासियों के मानसिक एवं आर्थिक शोषण पर रोक लगाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि विभागीय लापरवाही और अनियमितताओं के कारण ग्रामीण परेशान हैं।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो भविष्य में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

