Chhattisgarh Latest News: रायपुर: रायपुर पुलिस ने IPL क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले आरोपी स्वास्तिक अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पीडब्ल्यूडी ब्रिज के नीचे से पकड़ा गया और उसके कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाला मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं और पूरे मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
तेलीबांधा पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना पर घेराबंदी करके उसे पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने readybook.green वेबसाइट पर अपने मोबाइल नंबर से आईडी बनाई थी, जिसका यूजर नेम था “swastik29”। इसी आईडी के माध्यम से वह IPL मैचों में हार-जीत पर रुपए का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेलता था।
आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि खरोरा निवासी चेतन नामक परिचित ने कुछ दिन पहले सट्टा खेलने के लिए उससे आईडी मांगी थी। आरोपी ने अपनी आईडी चेतन को दे दी, जिसने अलग पासवर्ड बनाकर IPL मैचों में सट्टा खेलना शुरू कर दिया।
पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल में “swastik29” नामक आईडी एक्टिव मिली और ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े कई डिजिटल सबूत भी बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से सैमसंग मोबाइल जब्त किया। चेतन की तलाश अभी जारी है।

