बालाघाट | मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक्स गर्लफ्रेंड की शादी में पहुंचे बॉयफ्रेंड की लड़की के भाइयों ने हत्या कर दी। इसके बाद इसे हादसे का रूप देते हुए शव सड़क किनारे फेंक दिया। हालांकि, लड़की के घर में हुई वीडियोग्राफी ने पूरा राज खोल दिया और हत्या के पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। अभी भी दो आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी और कोई नहीं बल्कि दुल्हन के भाई व उसके दोस्त हैं। इन लोगों ने दुल्हन के बुलावे पर शादी में आये प्रेमी की बेदम पिटाई कर मौत के घाट उतार दिया था और बाद में मामला बिगड़ने की संभावना को देखते हुये उसे बाइक में कुछ दूर लाकर सड़क किनारे फेंक दिया। इसके साथ ही मोटर साइकिल भी उसके ऊपर लुड़का दी।
बालाघाट के रामपायली थाना क्षेत्र में 6 मई की सुबह गर्राबोड़ी के जंगल से तरूण लिल्हारे की लाश बरामद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 2 फरार है। जिसमें और भी आरोपी बढ़ सकते है। संभव है कि दुल्हन अर्थात प्रेमिका भी आरोपी बन सकती हैं। पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उसमें दुल्हन के 2 भाई व भाईयों के 3 दोस्त शामिल हैं। यह मामला ऑनर किंलिंग का नहीं हैं।
सड़क किनारे मिली थी लाश
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि खैरलांजी निवासी युवक तरूण लिल्हारे की अर्द्धनग्र लाश संदिग्ध स्थिति में मिली थी। जो कि मोटर सायकिल से एक्सीडेंट के रूप में दिखाने का प्रयास हुआ था। जांच में पाया गया कि मौके स्थल पर एक्सीडेंट को लेकर कोई निशान या साक्ष्य नहीं है। ना ही मोटर सायकिल में कही क्षति पायी गई थी। पीएम रिपोर्ट में तरूण के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाये गये थे। यह भी पता चला था कि तरूण का सविता लिल्हारे निवासी ऐरवाघाट नामक युवती से चार-पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। जिसकी 5 मई को शादी थी और प्रेमिका दुल्हन ने तरूण को शादी में बुलाया है। जांच के दौरान शादी की वीडियोग्राफी को खंगाला गया तो उसमें चंद सेंकड के क्लिप में तरूण देखा गया। जिसके तहत दुल्हन के पक्ष से पूछताछ की गई तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
जंगल में फेंकी लाश
दुल्हन के तीनों भाइयों वेदप्रकाश लिल्हारे, हरिप्रकाश लिल्हारे, इनके दोस्त दिलीप लिल्हारे, कमल किशोर लिल्हारे व योगेश वरकड़े, जिगर नामक युवकों ने तरूण को पकड़कर बेदम पिटाई की। युवती की शादी कहीं और तय होने के बावजूद तरूण लिल्हारे मृतक के शादी समारोह में पहुंचने से युवती के परिजन आक्रोशित हो गए। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने मृतक के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। एक्सीडेंट का रूप देने के लिए आरोपी तरूण को बाईक में गर्रा बोड़ी जंगल ले गए और सड़क किनारे फेंक दिया। मोटर सायकिल उसके ऊपर लुढ़का दी थी। ताकि घटनाक्रम एक्सीडेंट प्रतीत हो सके। इस तरह शादी के वीडियोग्राफी से हत्याकांड का खुलासा हो गया।
दुल्हन भी बन सकती है आरोपी
एसपी ने बताया कि दुल्हन ने अपने प्रेमी को बुलाने की बात सामने आयी है। दुल्हन की क्या भूमिका है अभी विवेचना की जा रही है। अगर कोई भूमिका आती है तो दुल्हन सविता को भी आरोपी बनाया जायेगा।

