Chhattisgarh Latest News: आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग में नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित विशाल सुशासन शिविर में शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर नागरिक के चेहरे पर मुस्कान लाना और अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
शिविर का आयोजन शासकीय अरुंधती देवी उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें वार्ड क्रमांक 1 से 17 तक के नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को तत्काल लाभ दिया गया। इसमें जन्म, मृत्यु, विवाह, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों का वितरण शामिल रहा। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना सहायता योजना के तहत ₹25,000 के चेक प्रदान किए गए। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास, श्रम कार्ड, किसान किताब, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का भी वितरण किया गया।
दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र और टीबी मरीजों को पोषण आहार किट उपलब्ध कराई गई। वहीं कक्षा 5वीं से 12वीं तक के मेधावी छात्रों और उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
शिविर में कुल 593 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 520 मांग संबंधी और 73 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। सभी आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

