Fulbasan Yadav Kidnapping Case Update: राजनांदगांव: पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फुलबासन यादव के अपहरण की घटना को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। महेन्द्र यादव, जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के महामंत्री ने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
महेन्द्र यादव ने कहा कि यह घटना भाजपा सरकार के तथाकथित ‘सुशासन’ की पोल खोलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक पद्मश्री से सम्मानित महिला ही सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या हाल होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों—जैसे लूट, हत्या, बलात्कार और अपहरण—ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं। इससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी जरूरी है, लेकिन केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे अपराधों पर अंकुश लग सके।
महेन्द्र यादव ने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए और पीड़िता को समुचित सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि उन्हें न्याय जल्द मिल सके।

