CG IAS Transfer: रायपुर: छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 43 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। राज्य सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्याम लाल धावडे को रायपुर संभाग का नया कमिश्नर बनाया गया है। वहीं पुष्पा साहू को कोरिया जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बलरामपुर जिले की कमान अब चंदन त्रिपाठी संभालेंगी, जबकि संतान देवी जांगड़े को महेंद्रगढ़ जिले का कलेक्टर बनाया गया है। पद्मिनी बोई को सारंगढ़ जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
राजधानी रायपुर में भी बदलाव करते हुए संबित मिश्रा को नगर निगम कमिश्नर बनाया गया है। रेना जमील को सूरजपुर जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि विश्वदीप को बीजापुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा रीता यादव को माध्यमिक शिक्षा मंडल का सचिव बनाया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियों में राहुल वेंकट को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग का सचिव बनाया गया है।
साथ ही कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सुबोध कुमार को प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग और छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी का अध्यक्ष बनाया गया है। कैसर अब्दुल्लहक को जल जीवन मिशन के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं संजय कन्नौजे को संस्कृति संचालक का दायित्व सौंपा गया है। सरकार का कहना है कि इस बड़े स्तर के फेरबदल से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और विभिन्न विभागों में समन्वय बेहतर होगा।

