पीथमपुर में नवजात का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

पीथमपुर में नवजात का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Body of a newborn girl found in Pithampur: पीथमपुर। औद्योगिक नगर पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन कालोनी में सोमवार दोपहर एक खाली प्लाट में प्लास्टिक की थैली में नवजात बालिका का शव मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची का जन्म करीब 10 घंटे पहले ही हुआ था।

जानकारी के अनुसार देवनारायण मंदिर के पास खाली जमीन पर कचरा बिनने वाली महिलाओं ने कुत्तों को एक प्लास्टिक की पन्नी पर भौंकते हुए देखा। संदेह होने पर जब महिलाएं पास पहुंचीं और पन्नी हटाई, तो उसमें नवजात बच्ची का शव देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एक राहगीर ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया। सूचना मिलते ही 112 स्टाफ के राहुल दामके और पायलट सन्नी चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने थैली की जांच की तो उसमें नवजात बालिका मृत अवस्था में पाई गई।

इस अमानवीय घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। प्रत्यक्षदर्शी शिवम पटेल के अनुसार बच्ची का शव का काली प्लास्टिक की पालीथिन में लिपटा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी है।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अस्पतालों के रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि बच्ची को यहां फेंकने वाले तक पहुंचा जा सके। पीथमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रशांत काजवे ने शव का परीक्षण किया। वहीं सहायक उपनिरीक्षक दीपक पंवार ने बताया कि बालिका की उम्र 1 दिन आंकी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।


Related Articles