IPL 2026 RCB vs MI in Raipur Stadium: रायपुर: रायपुर में 10 मई को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दर्शक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच होने वाले मुकाबले के लिए टिकट खरीद रहे हैं।
सबसे सस्ती 2500 रुपए की टिकटें 3 मई को बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो गईं। फिलहाल 3300 से 8000 रुपए तक की टिकटें उपलब्ध हैं। इस बार सभी टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से ही बेचे जा रहे हैं। वहीं 12 मई को होने वाले मुकाबले के लिए टिकट बुकिंग 4 मई से शुरू हो गई है। इस दिन RCB का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा।
जानकारी के अनुसार, RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और करीब 6 दिनों तक यहां ठहरकर अभ्यास करेगी। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम भी इसी दौरान शहर पहुंच सकती है।
QR कोड से मिलेगी एंट्री
मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए जा रहे हैं, जिनमें QR कोड के जरिए स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। यह QR कोड मैच के दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही एक्टिव होगा। आयोजकों का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा बढ़ाने और फर्जी एंट्री रोकने के लिए की गई है।
गेट टाइमिंग और नियम
स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे और दर्शकों को अपने टिकट में दिए गए गेट नंबर के अनुसार ही प्रवेश मिलेगा। दोबारा एंट्री की अनुमति नहीं होगी और 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट जरूरी होगा। एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार टिकट ही खरीदे जा सकते हैं।
M-टिकट ट्रांसफर पर भी नियम
प्रत्येक M-टिकट केवल एक बार ही ट्रांसफर किया जा सकेगा। ट्रांसफर के बाद पुराने यूजर की एक्सेस समाप्त हो जाएगी और नया यूजर ही टिकट का उपयोग कर सकेगा। यह व्यवस्था ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए लागू की गई है।
मेरिट स्टूडेंट्स को मिलेगा फ्री मैच
छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में शामिल छात्रों को यह मैच मुफ्त में दिखाया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर छात्रों को 10 मई की सुबह SCERT रायपुर पहुंचाने को कहा है, जहां से उन्हें मैच के लिए ले जाया जाएगा। IPL के इस रोमांचक मुकाबले को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और दर्शक बड़ी संख्या में इस मैच का इंतजार कर रहे हैं।

