Shivpuri’s Tatya Tope Physical College Closed: शिवपुरी। अमर बलिदानी तात्याटोपे के नाम पर शिवपुरी में संचालित होने वाला तात्याटोपे शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान (फिजिकल कालेज) बीते चार सालों से बंद पड़ा है। बदहाली और अनदेखी का शिकार यह संस्थान फिर से चालू होने की राह देख रहा है। एक समय ऐसा था कि इस प्रदेश के इकलौते फिजिकल कालेज का इंतजार देश प्रदेश के युवाओं को रहता था।
प्रशिक्षण लेकर बनते है खेल शिक्षक
जो यहां प्रशिक्षण लेकर खेल शिक्षक बनते थे। खेलों को निखारने के लिए कालेज में मैदान में पसीना बहाया जाता था। छात्र डीपीएड और सीपीएड की डिग्री लेकर निकलते थे। लेकिन 2022 में इस तात्याटोपे शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान को भोपाल से बंद कर दिया गया।
इस कालेज को लेकर समस्या तब शुरू हुई जब 2022-23 में कॉलेज को स्कूल शिक्षा विभाग से हटाकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग में भेजने का फैसला लिया गया। प्रस्ताव कैबिनेट से पास भी हो गया लेकिन बाद में खेल विभाग ने कॉलेज को लेने से इनकार कर दिया।
स्कूली शिक्षा और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच में फंसकर रह गए इस फिजिकल कालेज को जहां उन्नत होना चाहिए था उसमें ताला डल गया। कालेज प्रबंधन ने शुरू कराने के लिए शिवपुरी से लेकर दिल्ली भोपाल तक पत्राचार किए लेकिन संस्थान चालू नहीं हो सका।
1956 से संचालित था फिजिकल कालेज
दिलचस्प बात यह है कि सरकार खेलों को खूब बढ़ावा दे रही है और खिलाड़ी तैयार करने के लिए खेल संसाधन उपलब्ध करा रही है। स्कूलों में स्पोर्टस ग्राउंड तैयार हो रहे हैं, इधर 1956 से संचालित होने वाला यह ऐतिहासिक खेल संस्थान बंद दीवारों में सिमटकर रह गया है।
जिले में सांसद, मंत्री, विधायकों ने भी कालेज को शुरू कराने के लिए पत्राचार किया लेकिन कालेज के द्वार फिर से नहीं खोले जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कालेज शिवपुरी की पहचान है इसे शुरू होना चाहिए।
अब बोर्ड टूटे, गेटों में लगी जंग और बदहाल हुआ मैदान
अब इस फिजिकल कालेज की खराब दुर्दशा है। मुख्य गेट के बोर्ड टूटकर गिर गए, गेटों में जंग लग रही और खेल मैदान बदहाल हो गया है। जहां झाड़ियां उगने लगी है।
जिस कालेज में कभी 45 लोगों को स्टाफ हुआ करता था वहां एक प्राचार्य और एक चपरासी बचे हैं। करीब 45 बीघा का खेल मैदान बेहाल हो गया है। इस कालेज में हर साल करीब 55 छात्र प्रवेश लेते थे और दो से तीन हजार की फीसी में ही वह योग्य खेल शिक्षक बन जाते थे।
तात्याटोपे शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान को साल 2022 में बंद कर दिया गया। इस कालेज को खेल युवा एवं कल्याण विभाग को दिए जाने का प्रस्ताव पास हुआ। लेकिन बाद में खेल युवा कल्याण विभाग ने लेने से इनकार कर दिया। अब इसका मामला भोपाल स्तर पर अटक् गया है। भोपाल से पत्र आया था कि आगामी समय से कालेज में प्रवेश प्रक्रिया रोक दी जाए। इसके बाद फंड मिलना बंद हो गया। इसे चालू कराने के लिए हमने खूब पत्राचार किया लेकिन अभी तक चालू नहीं हो सका।

