Chhattisgarh Kanker IED blast: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट में तीन जवान शहीद हो गए हैं, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है। बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में डीआरजी (District Reserve Guard) की टीम शनिवार को सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया आईईडी मिला, जिसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर निष्क्रिय करने की प्रक्रिया चल रही थी।
इसी दौरान अचानक हुए विस्फोट में डीआरजी के चार जवान घायल हो गए। हादसे में डीआरजी इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले शहीद हो गए, जबकि कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्चिंग तेज कर दी है। वहीं, घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

