भारतमाला प्रोजेक्ट में दर्दनाक हादसा, हाईवा की चपेट में आकर कर्मचारी की मौत

भारतमाला प्रोजेक्ट में दर्दनाक हादसा, हाईवा की चपेट में आकर कर्मचारी की मौत

CG Bhilai Accident News: भिलाई। भिलाई के उतई क्षेत्र में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना 30 अप्रैल की रात की है, जहां ड्यूटी पर तैनात वाहन एंट्री ऑपरेटर को तेज रफ्तार हाईवा ने कुचल दिया।

मृतक की पहचान विजय बघेल के रूप में हुई है, जो 6 लेन सड़क निर्माण में एसएमएस कंपनी के लिए वाहन एंट्री का कार्य कर रहा था। जानकारी के अनुसार, वह खोपली रोड पर अपनी ड्यूटी निभा रहा था, तभी तेज गति से आ रहे हाईवा क्रमांक CG07CD1808 ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि विजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वाहन चालक की पहचान रुपेश ठाकुर के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप है कि हाईवा चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उतई थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने भारतमाला प्रोजेक्ट में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, स्पीड कंट्रोल और चेतावनी संकेतों की कमी के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं।

फिलहाल उतई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद एसएमएस कंपनी के एचआर मैनेजर ने मृतक के परिजनों को तत्काल 2 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की है, साथ ही 5 लाख रुपए अतिरिक्त मुआवजा और बीमा राशि देने का आश्वासन भी दिया है।


Related Articles