Mobile Alert Siren: नई दिल्ली। शनिवार दोपहर 11 बजकर 45 मिनट पर देशभर के लाखों स्मार्टफोन यूजर्स के मोबाइल फोन पर अचानक तेज सायरन बजने लगा और स्क्रीन पर ‘Extremely Severe Alert’ का संदेश दिखाई दिया। इस अचानक अलर्ट से कई लोग घबरा गए, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि यह किसी आपात स्थिति का नहीं, बल्कि सरकारी सिस्टम का परीक्षण था।
जानकारी के अनुसार, भारत सरकार ने ‘सेल ब्रॉडकास्ट’ टेक्नोलॉजी पर आधारित नए इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का देशव्यापी परीक्षण शुरू किया है। इसी टेस्टिंग के तहत यह संदेश लाखों मोबाइल फोन्स पर भेजा गया, जिसमें स्पष्ट रूप से इसे ‘Test Message’ बताया गया था और किसी भी तरह की कार्रवाई की आवश्यकता नहीं होने की बात कही गई थी।
यह नई तकनीक पारंपरिक SMS सिस्टम से काफी अलग और तेज है। इसके जरिए किसी भी क्षेत्र में एक साथ सभी मोबाइल डिवाइस पर अलर्ट भेजा जा सकता है, जिसके लिए इंटरनेट या मोबाइल डाटा की आवश्यकता नहीं होती। जैसे ही फोन नेटवर्क से जुड़ा होता है, यह संदेश तुरंत पहुंच जाता है।
इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत इसका तेज सायरन अलर्ट है, जो फोन साइलेंट या वाइब्रेशन मोड में होने पर भी बजता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपदा या आपात स्थिति में कोई भी व्यक्ति चेतावनी को नजरअंदाज न कर सके और समय रहते सतर्क हो जाए।
हालांकि अचानक आए इस अलर्ट ने कई लोगों को चौंका दिया, लेकिन इसे भविष्य में आपदा प्रबंधन और जन सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

