Weather Update Today: नई दिल्ली। देश में एक बार फिर मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 2 से 4 मई के बीच देश के 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, तमिलनाडु और केरल में 2 मई को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं 4 मई को उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी मूसलाधार बारिश के साथ तेज आंधी चलने का पूर्वानुमान है।
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण को बताया जा रहा है, जो कश्मीर और पूर्वी भारत के क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके प्रभाव से खासकर पूर्वी भारत में आंधी-तूफान का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
राजधानी दिल्ली में 4 और 5 मई को भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 4 मई को तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में 2 मई को तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी आंधी-बारिश का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने लोगों, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।Weather Update Today: मौसम विभाग ने 2 से 4 मई के बीच देश के 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।

