Chhattisgarh News: रायपुर। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने नवा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 3556 बीज उत्पादक किसानों को वित्तीय वर्ष 2024-25 की 8 करोड़ 01 लाख 97 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में अंतरित की। यह राशि मंडी निधि के तहत प्रदान की गई।
छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के सैकड़ों किसान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मंत्री नेताम ने किसानों से संवाद कर गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया और निगम की वार्षिक उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
मंत्री नेताम ने कहा कि किसानों की मेहनत का उचित सम्मान करते हुए प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खातों में दी जा रही है। उन्होंने किसानों से धान के साथ-साथ दलहन, तिलहन, मिलेट्स और सब्जी जैसी आयवर्धक फसलों की खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने गर्मी के मौसम में धान की खेती से बचने और जल संरक्षण पर ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने यह भी कहा कि बीज की गुणवत्ता से सरकार की साख जुड़ी होती है, इसलिए किसानों को ईमानदारी के साथ गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन करना चाहिए। प्रदेश को बीज उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
कार्यक्रम में बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को समय पर प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। उन्होंने किसानों की ओर से रखी गई मांगों पर मंत्री द्वारा सकारात्मक विचार का भरोसा जताया। कार्यक्रम में निगम के प्रबंध संचालक अजय अग्रवाल ने भी योजना की जानकारी दी।
मंत्री नेताम ने इस दौरान कवर्धा, अंबिकापुर और रायपुर के किसानों से संवाद कर उनका हालचाल जाना। किसानों ने प्रोत्साहन राशि मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री रामविचार नेताम और निगम के प्रति आभार व्यक्त किया।

