Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर दुर्ग स्थित सेवा सदन में श्रमिक साथियों के सम्मान में सामूहिक भोजन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और श्रमिकों के साथ सादगीपूर्ण वातावरण में भोजन कर आत्मीय संवाद किया।
इस दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव ने श्रमिकों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मेहनत और समर्पण ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उनके योगदान का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है और ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों ने भी मंत्री के साथ अपने विचार साझा किए और इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। आयोजन का उद्देश्य श्रमिकों के सम्मान को बढ़ावा देना और समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
सौहार्दपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न इस कार्यक्रम ने श्रमिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक सार्थक पहल प्रस्तुत की।

