यात्रीगण कृपया ध्यान दें, बिलासपुर-रायपुर रूट पर रेल यातायात प्रभावित, 18 ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले

यात्रीगण कृपया ध्यान दें, बिलासपुर-रायपुर रूट पर रेल यातायात प्रभावित, 18 ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले

Chhattisgarh train cancelled: रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन में बड़े पैमाने पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। मेंटेनेंस और निर्माण कार्यों के चलते कुल 18 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जिनमें नागपुर मंडल की 10 और रायपुर मंडल की 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें 3 मई से 22 मई के बीच अलग-अलग तारीखों में नहीं चलेंगी।

इसके अलावा 2 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जबकि 20 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) किया गया है। इस फैसले से बिलासपुर और रायपुर से गुजरने वाले यात्रियों, खासकर टाटानगर, इतवारी, बालाघाट, रायगढ़, कोरबा और गेवरा रोड रूट के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे के अनुसार, नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। यहां वॉशेबल एप्रन हटाकर आधुनिक बैलेस्टेड ट्रैक बिछाया जाएगा, जिसके चलते यह प्लेटफॉर्म 3 मई से 22 मई तक बंद रहेगा। इसी कारण कई ट्रेनों को रद्द और डायवर्ट किया गया है।

वहीं, रायपुर मंडल के निपनिया–भाटापारा सेक्शन में रोड अंडरब्रिज निर्माण के चलते ब्लॉक लिया गया है, जिससे 8 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। इसके अलावा बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन के निर्माण कार्य के कारण भी रेल यातायात पर असर पड़ा है।

रूट बदली गई ट्रेनें:
11754 रीवा–इतवारी एक्सप्रेस और 11753 इतवारी–रीवा एक्सप्रेस को निर्धारित तिथियों पर बदले हुए मार्ग (छिंदवाड़ा रूट) से चलाया जाएगा।

बीच में समाप्त होने वाली ट्रेनें:
बरौनी–गोंदिया, विदर्भ एक्सप्रेस, जबलपुर–गोंदिया पैसेंजर सहित कई ट्रेनों को दुर्ग, अजनी और ब्रह्मपुरी स्टेशनों तक ही सीमित किया गया है। वहीं, कुछ मेमू पैसेंजर ट्रेनें बिलासपुर तक ही संचालित होंगी और आगे का सफर रद्द रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।


Related Articles