Governor Deka felicitates ‘Google Boy’ Rudra: रायपुर: जिला दुर्ग के 6 वर्षीय ‘गूगल बॉय’ रुद्र शर्मा ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति से सभी को हैरान कर दिया। रुद्र ने आज लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से अपने माता-पिता के साथ मुलाकात की, जहां उसने सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों के सटीक जवाब देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कक्षा पहली के छात्र रुद्र को यूपीएससी और पीएससी स्तर के प्रश्नों के उत्तर भी याद हैं। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने उससे छत्तीसगढ़ के गठन, राज्य की विशेषताओं और भारतीय संविधान से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका रुद्र ने बिना किसी झिझक के तुरंत सही उत्तर दिया।
रुद्र की तेज स्मरण शक्ति और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर राज्यपाल ने उसकी जमकर सराहना की। इस अवसर पर लोक भवन की ओर से उसे प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान रुद्र की माता पायल शर्मा और उसके नाना विनोद शर्मा भी मौजूद रहे, जिन्होंने उसकी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।

