ऑटिज्म ग्रसित बच्चों के लिए नई पहल: डॉ. रमन सिंह ने व्यावहारिक मार्गदर्शिका पुस्तक का किया विमोचन

ऑटिज्म ग्रसित बच्चों के लिए नई पहल: डॉ. रमन सिंह ने व्यावहारिक मार्गदर्शिका पुस्तक का किया विमोचन

Chhattisgarh Latest News Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रायपुर स्थित अपने निवास ‘स्पीकर हाउस’ में ऑटिज्म से ग्रसित बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शिका पुस्तक “Developing Skills through Activities for Children with Autism – A Practical Guide for Parents, Teachers, Caregivers and Therapists” का विमोचन किया।

इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों में अपार संभावनाएं होती हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों के माध्यम से विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक अभिभावकों, शिक्षकों और देखभालकर्ताओं के लिए एक उपयोगी साधन साबित होगी और विशेष बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक बनेगी।

यह पुस्तक विशेष रूप से इस उद्देश्य से तैयार की गई है कि अभिभावक घर पर उपलब्ध साधारण संसाधनों के माध्यम से बच्चों के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इसमें सरल, स्वदेशी और व्यावहारिक तरीकों से कौशल विकास के उपाय बताए गए हैं। पुस्तक में 10 प्रमुख विकासात्मक क्षेत्रों को शामिल करते हुए 100 से अधिक गतिविधियां दी गई हैं।

हर गतिविधि को “3A मॉडल”-Aim (उद्देश्य), Activity (गतिविधि) और Action (क्रियान्वयन) के आधार पर प्रस्तुत किया गया है, जिससे इसे समझना और लागू करना आसान हो जाता है। इसकी खासियत यह है कि सभी गतिविधियां घर में उपलब्ध सामान्य सामग्री से की जा सकती हैं।

पुस्तक की लेखिका डॉ. सिमी श्रीवास्तव ने बताया कि यह मार्गदर्शिका उन सभी अभिभावकों, विशेष शिक्षकों और चिकित्सकों को समर्पित है, जो ऑटिज्म से ग्रसित बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में डॉ. मनीष, मुकुल श्रीवास्तव, जीनल, भागीरथी, अभिलाष, शिवली एवं रागवी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Related Articles